सिवान। बिहार के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिवान की रैली में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर सीधा वार करते हुए कहा कि जिनके हाथ में लंबे वक्त तक बिहार की बागडोर थी, उन्होंने इस ऐतिहासिक भूमि को बदहाली और पलायन की पहचान बना दिया।
पीएम मोदी ने लालू यादव के शासन की याद दिलाते हुए कहा, “जिस बिहार ने सदियों तक भारत का मार्गदर्शन किया, उसे ‘पंजा’ (कांग्रेस) और ‘लालटेन’ (राजद) की जोड़ी ने ऐसा बना दिया कि यहां का नौजवान घर छोड़ने को मजबूर हो गया।” उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहारियों का स्वाभिमान सबसे ऊपर होता है, लेकिन इन दलों ने लूट और भ्रष्टाचार के जरिए उस स्वाभिमान को गहरी ठेस पहुंचाई।
मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने जंगलराज के खात्मे के बाद विकास की गाड़ी को पटरी पर लाया है। उन्होंने मंच से एलान किया, “मैं बिहार को केवल विकास नहीं, एक नया भविष्य देने आया हूं। अभी बहुत कुछ करना बाकी है, और मोदी रुकने वाला नहीं है।”
पीएम ने सिवान की धरती को लोकतंत्र और स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरणास्थल बताया। उन्होंने भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और समाज सुधारक ब्रज किशोर प्रसाद जैसे महान सपूतों को याद करते हुए कहा कि सिवान का योगदान देश के संविधान और लोकतंत्र को मजबूती देने में अविस्मरणीय है।
रैली के मंच से मोदी ने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। उन्होंने बताया कि ये योजनाएं बिहार के सासाराम, बक्सर, मोतिहारी, बेतिया, आरा और सिवान जैसे क्षेत्रों को एक नई रफ्तार देंगी और गरीब, दलित, पिछड़े वर्गों की जिंदगी आसान बनाएंगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में उनकी वैश्विक नेताओं से मुलाकात हुई है, और दुनिया भर में भारत की प्रगति की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा, “बिहार की प्रतिभा और परिश्रम भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। बिहार समृद्ध होगा, तभी भारत समृद्ध होगा।”