न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर और वेस्टचेस्टर में गूंजा ‘योग का विश्व मंत्र’, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब

न्यूयॉर्क/वॉशिंगटन। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 का जश्न इस बार न्यूयॉर्क में अनोखे अंदाज़ में देखने को मिला, जब टाइम्स स्क्वायर जैसे विश्वप्रसिद्ध स्थान पर सैकड़ों लोगों ने एक साथ योगासन कर ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ के संदेश को जीवंत कर दिया। भारतीय महावाणिज्य दूतावास (CGI) न्यूयॉर्क ने वेस्टचेस्टर और टाइम्स स्क्वायर में भव्य समारोहों का आयोजन कर योग की सार्वभौमिकता और भारतीय संस्कृति की शक्ति का प्रदर्शन किया।

वेस्टचेस्टर के ग्रीनबर्ग शहर में भारतीय सांस्कृतिक संघ (ICANA) के सहयोग से हुए आयोजन में स्थानीय समुदाय, प्रवासी भारतीयों और योग प्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। CGI न्यूयॉर्क ने सोशल मीडिया पर इसे “सद्भाव, स्वास्थ्य और एकता का उत्सव” बताया।

इसके बाद टाइम्स स्क्वायर पर आयोजित विशेष योग सत्र ने मानो योग को विश्व मंच पर फिर से प्रतिष्ठित कर दिया। CGI ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, “विश्व के सबसे प्रतिष्ठित चौराहे पर योग का जादू बिखरा, यह #YogaforOneEarthOneHealth का सजीव रूप है।”

इस उत्सव की लहर सिर्फ न्यूयॉर्क तक सीमित नहीं रही। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में भी लिंकन मेमोरियल के सामने एक प्रभावशाली योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने विशेष रूप से भाग लिया और इसे “भारत की प्राचीन विरासत का भव्य उत्सव” करार दिया।

योग सत्र का नेतृत्व कर रहे आचार्य गोविंद ब्रह्मचारी ने कहा, “योग सिर्फ आसनों तक सीमित नहीं है, यह ब्रह्मांड से जुड़ने की भावना है। योग हमें मानसिक तनाव, नकारात्मक विचारों और भावनाओं से मुक्ति देने वाला एक संपूर्ण विज्ञान है।”

प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. स्मिता पटेल ने योग के स्वास्थ्य लाभों की सराहना करते हुए कहा, “योग आज दवा जितना ही ज़रूरी है। यह चिंता और अवसाद को कम करता है, बच्चों की एकाग्रता और कार्यक्षमता को बढ़ाता है।”

योग गुरु आचार्य मधुवर्तानंद अवधूत ने भी इस अवसर पर योग के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “योग की शुरुआत भगवान शिव से मानी जाती है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ करता है बल्कि विश्व में शांति और एकता का मार्ग भी प्रशस्त करता है।”

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन न केवल भारतीय विरासत का उत्सव था, बल्कि यह योग के माध्यम से विश्व को जोड़ने की एक मजबूत पहल भी बन गया।

UK में गूंजा योग का मंत्र: भारतीय प्रवासियों ने धूमधाम से मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की थीम पर केंद्रित रहा आयोजन

जापान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, टोक्यो के बौद्ध मंदिर में उमड़ा जनसैलाब