काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने रविवार को एक अहम बयान देते हुए कहा कि यदि दक्षिण एशिया में दो देशों के बीच युद्ध हुआ, तो नेपाल किसी एक पक्ष का समर्थन नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “नेपाल किसी एक देश के लिए दूसरे देश से दुश्मनी नहीं कर सकता।”
प्रधानमंत्री ओली रविवार को अपनी पार्टी के संसदीय दल की बैठक में बोल रहे थे, जहां उन्होंने नेपाल के हमेशा शांति की राह पर चलने के सिद्धांत को दोहराया। उनका यह बयान भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया है, जो चिंता का कारण बन सकता है।
ओली ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम दक्षिण एशिया में युद्ध के किसी भी माहौल का समर्थन नहीं करते। हम न किसी के पक्ष में रहेंगे, न किसी के खिलाफ। नेपाल असंलग्न विदेश नीति का पक्षधर है, और युद्ध की स्थिति में हम किसी सैन्य गठबंधन का हिस्सा नहीं बन सकते।”
भारत और पाकिस्तान के बीच चल रही तनावपूर्ण स्थिति और पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ते युद्ध जैसे हालात पर पीएम ओली ने अपने सांसदों से यह भी कहा, “हम किसी भी भिन्नता के युद्ध का समर्थन नहीं करते। दोनों देशों को आपस में वार्ता के जरिए इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए।”



