यरुशलम। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू 7 जुलाई को अमेरिका दौरे पर जा रहे हैं, जहां वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में गाजा में चल रहे संघर्ष को रोकने के लिए संभावित युद्धविराम और बंधकों की रिहाई पर गंभीर चर्चा होने की उम्मीद है।
व्हाइट हाउस ने ‘द इजरायल टाइम्स’ के हवाले से इस दौरे की पुष्टि की है। 2025 में दोबारा सत्ता में लौटने के बाद ट्रंप और नेतन्याहू के बीच यह तीसरी आधिकारिक मुलाकात होगी। दोनों नेताओं के बीच बातचीत में ईरान की क्षेत्रीय गतिविधियों और कूटनीतिक संबंधों के विस्तार जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहेंगे।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने बताया कि गाजा संघर्ष को समाप्त करना राष्ट्रपति ट्रंप की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “गाजा और इजरायल से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वे बेहद पीड़ादायक हैं। राष्ट्रपति ट्रंप इस संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं ताकि निर्दोष लोगों की जानें बचाई जा सकें।”
ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिया था कि गाजा में अगले हफ्ते तक युद्धविराम की संभावना बन सकती है। इस दिशा में वह नए सिरे से प्रयास कर रहे हैं।
नेतन्याहू की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब हाल ही में अमेरिका ने ईरान की न्यूक्लियर फैसिलिटी पर हमला किया था। इस दौरान ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने इजरायल और ईरान के बीच टकराव को रोका है।
इस बीच, इजरायल के रणनीतिक मामलों के मंत्री रॉन डेरमर पहले से ही वाशिंगटन में अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। वहीं, नेतन्याहू ने सोमवार शाम अपने शीर्ष सहयोगियों और मंत्रियों के साथ गाजा में युद्धविराम को लेकर अहम बैठक की, लेकिन एक रात पहले हुए टकराव के बाद भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सका।
नेतन्याहू और ट्रंप की ये मुलाकात मध्य पूर्व में शांति बहाली की दिशा में एक अहम मोड़ साबित हो सकती है।



