जम्मू। जम्मू-कश्मीर के नगरोटा सैन्य स्टेशन पर शनिवार देर रात अलर्ट सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। घुसपैठिए की हलचल पर सतर्क संतरी ने फौरन जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से संक्षिप्त गोलीबारी हुई। इस दौरान एक जवान को मामूली चोट आई है।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संदिग्ध की तलाश में इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है। कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया, “सैन्य स्टेशन की परिधि पर संदिग्ध गतिविधि दिखने पर संतरी ने चुनौती दी, जिसके बाद फायरिंग हुई। जवान को हल्की चोट लगी है। सघन तलाशी अभियान जारी है।”
इस घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हालिया भारत-पाक तनाव और बढ़ती आतंकी गतिविधियों के मद्देनज़र इस प्रयास को गंभीर सुरक्षा चुनौती माना जा रहा है। पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखते हुए सेना और पुलिस की संयुक्त टीमों ने सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है।
अधिकारियों का मानना है कि यह एक संभावित आतंकी घुसपैठ की कोशिश हो सकती है, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया।



