बीजापुर। नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर चल रहे बड़े सुरक्षा अभियान को तुरंत रुकवाने की मांग की है। नक्सल संगठन के उत्तर-पश्चिम बस्तर डिवीजन के प्रभारी रूपेश ने एक प्रेस नोट जारी कर इस अपील को सार्वजनिक किया। नक्सलियों के अनुसार, सरकार का यह ऑपरेशन आदिवासी इलाकों में भय और अशांति का माहौल पैदा कर रहा है।
प्रेस नोट में नक्सलियों ने सरकार से शांति वार्ता की शुरुआत करने की भी अपील की। उनका कहना था कि अगर सरकार गंभीरता से बातचीत की पहल करती है, तो वे भी समस्या का समाधान निकालने के लिए तैयार हैं। नक्सलियों ने यह भी कहा कि यदि सरकार सकारात्मक कदम उठाती है, तो एक अनुकूल माहौल बनाकर समस्या का समाधान किया जा सकता है।
नक्सलियों ने अपने बयान में कहा, “हम सरकार से निवेदन करते हैं कि वे वार्ता के जरिए समाधान का रास्ता अपनाएं और सैनिक अभियान को एक महीने के लिए स्थगित करें। इस कदम से ही सकारात्मक परिणाम की उम्मीद की जा सकती है।”
बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर पिछले चार दिनों से सुरक्षा बलों द्वारा एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नक्सलियों पर दबाव बढ़ाना और उनकी गतिविधियों को नष्ट करना है। इस अभियान के विरोध में नक्सलियों ने यह बयान जारी किया है।



