HARDEEP SINGH PURI

तेल आपूर्ति को लेकर देश निश्चिंत रहे: हरदीप पुरी ने दिया भरोसा, वैश्विक संकट के बीच भी पेट्रोलियम स्टॉक भरपूर

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में तेल कीमतों की उथल-पुथल और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए एक राहतभरी खबर सामने आई है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया है कि देश में आने वाले महीनों के लिए पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और जेट ईंधन जैसी आवश्यक ऊर्जा उत्पादों की पूरी आपूर्ति सुनिश्चित है

पुरी ने बताया कि मंत्रालय ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी प्रमुख राष्ट्रीय तेल कंपनियों के प्रमुखों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्रालय के सचिव भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा,

“भारत की ऊर्जा रणनीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीन प्रमुख सिद्धांतों – उपलब्धता, वहनीयता और स्थिरता – पर मजबूती से टिकी है।”

यह बयान ऐसे समय आया है जब इजरायल द्वारा ईरान के परमाणु और मिसाइल स्थलों पर किए गए हमलों के बाद भू-राजनीतिक तनाव चरम पर है और ब्रेंट क्रूड की कीमत 78 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है — जो पिछले पांच महीनों में सबसे ऊंचा स्तर है।

विश्लेषण बताते हैं कि ईरान दुनिया भर में 3.3 मिलियन बैरल प्रतिदिन तेल का उत्पादन करता है, जिसमें से लगभग 1.5 मिलियन बैरल चीन जैसे देशों को निर्यात किया जाता है। इस अस्थिरता के बावजूद भारत के ऊर्जा क्षेत्र की तैयारी मजबूत नजर आती है।

पुरी ने भारत में तेल उत्पादन की स्थिति पर रोशनी डालते हुए कहा कि देश में अब 23 आधुनिक रिफाइनरियां हैं, जिनकी कुल शोधन क्षमता 257 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष है। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सरकार ने रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार के लिए देशभर में विशेष भंडारण सुविधाएं विकसित की हैं, जिनका उपयोग आपातकालीन परिस्थितियों या वैश्विक मूल्यवृद्धि के समय में किया जा सकता है।

यह कदम न केवल भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाते हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर हो रही हलचलों के बीच देश को स्थिरता और आत्मनिर्भरता की ओर भी अग्रसर करते हैं।

BSE, NSE, MARKET

बाजार में भू-राजनीतिक तूफान की आहट, रक्षा शेयरों ने पकड़ी रफ्तार – निवेशकों की नजर अब अमेरिकी फेड बैठक पर

भारत बना मत्स्य उत्पादन में विश्व की दूसरी सबसे बड़ी ताकत, 147 लाख टन पहुंचा अंतर्देशीय उत्पादन : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन