ह्यूस्टन। अमेरिका के टेक्सास राज्य में आई विनाशकारी बाढ़ ने तबाही मचा दी है। अब तक 70 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 21 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे ‘मेजर डिजास्टर’ यानी ‘बड़ी आपदा’ घोषित कर दिया है।
स्टैफर्ड एक्ट के तहत इस घोषणा के बाद संघीय सरकार की राहत और पुनर्वास योजनाओं का रास्ता साफ हो गया है। ट्रंप ने टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट को पत्र लिखते हुए कहा कि प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद के लिए व्यक्तिगत और सार्वजनिक दोनों तरह की संघीय सहायता दी जाएगी। राहत कार्यों की जिम्मेदारी होमलैंड सिक्योरिटी की आपातकालीन एजेंसी फेमा को सौंपी गई है।
कैर काउंटी बना बाढ़ का केंद्र, 70 मौतों की पुष्टि
टेक्सास के कैर काउंटी में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां अब तक 59 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। आसपास के इलाकों से 11 और लोगों की मौत की जानकारी आई है। राज्य के लेफ्टिनेंट गवर्नर डैन पैट्रिक ने बताया कि मृतकों में 38 वयस्क और 21 बच्चे हैं। कई पीड़ितों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
कैंप मिस्टिक से 27 लड़कियां लापता थीं, अब भी 11 छात्राएं और एक काउंसलर गायब
कैर काउंटी की कैंप मिस्टिक से लापता हुई 27 छात्राओं में से 16 को सुरक्षित ढूंढ लिया गया है, लेकिन 11 लड़कियां और एक काउंसलर अब भी लापता हैं। उनके लिए बचाव अभियान तेज़ कर दिया गया है।
फेमा और नेशनल गार्ड कर रहे रेस्क्यू ऑपरेशन
फेमा, राष्ट्रीय गार्ड और अन्य एजेंसियां राहत कार्य में जुटी हैं। हेलीकॉप्टर और बोट की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। बाढ़ से प्रभावित इलाकों में जलस्तर अब भी खतरनाक स्तर पर है और कई सड़कें पूरी तरह बह चुकी हैं।
होमलैंड सिक्योरिटी सचिव की पुष्टि
अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि ट्रंप द्वारा आपदा की घोषणा के बाद टेक्सास में आपातकालीन प्रबंधन संसाधन भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले ही कोस्ट गार्ड, बॉर्डर सिक्योरिटी और विशेष गश्ती इकाइयों को तैनात कर दिया गया था।
टेक्सास में हालात भयावह बने हुए हैं और राहत कार्य लगातार जारी हैं। राष्ट्रपति ट्रंप और संघीय एजेंसियां राज्य सरकार के साथ मिलकर जानमाल के नुकसान को कम करने की कोशिशों में जुटी हैं।