रांची। झारखंड में साइबर अपराधियों ने डिजिटल सुरक्षा की दीवारों में सेंध लगाते हुए सीधे सत्ता के गलियारों को निशाना बनाया है। बीते 24 घंटे में दो बड़े साइबर अटैक सामने आए हैं—एक राज्य सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर, और दूसरा सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिए गए, जिससे उनकी निजता और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। मामले में रांची के नामकुम निवासी अर्सलान दरवानी को आरोपी बनाया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मंत्री के आप्त सचिव मनोरंजन कुमार ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद कराने की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर, शनिवार रात झामुमो के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी साइबर हमला हुआ। हैकर्स ने एक आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट कर दी, जिससे पार्टी की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। इस अकाउंट से प्रतिदिन औसतन 5-10 पोस्ट किए जाते हैं और इसके 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। आखिरी आधिकारिक पोस्ट 12 जुलाई को शाम 5:45 बजे किया गया था।
इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस को जांच और त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया है। साथ ही उन्होंने एक्स के भारत कार्यालय से भी हस्तक्षेप की मांग की है।
सीएम सोरेन ने अपने हैंडल से लिखा—
“झामुमो का आधिकारिक एक्स हैंडल असामाजिक तत्वों द्वारा हैक कर लिया गया है। झारखंड पुलिस शीघ्र कार्रवाई करे और एक्स इस मामले को गंभीरता से ले।”
झारखंड में बढ़ते साइबर हमले अब सिर्फ आम लोगों तक सीमित नहीं रह गए हैं—सरकार, मंत्री और राजनीतिक दल भी इनके निशाने पर आ चुके हैं। यह राज्य की डिजिटल सुरक्षा प्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।