जम्मू। जम्मू शहर के बाहरी इलाके नगरोटा में शनिवार रात सेना के शिविर के पास संदिग्ध आतंकवादी के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें सेना का एक जवान घायल हो गया। इस घटना के तुरंत बाद इलाके को सुरक्षित करने के लिए सेना ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया, जो कि सुबह तक जारी था।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि शनिवार रात शिविर के पास संदिग्ध गतिविधि देखी गई, जिसके बाद नगरोटा सैन्य स्टेशन के सतर्क संतरी ने संदिग्ध व्यक्ति को ललकारा। इसके बाद मुठभेड़ हुई, जिसमें संतरी को हल्की चोटें आईं। संदिग्ध आतंकी घटनास्थल से फरार हो गया, और उसकी तलाश के लिए अभियान जारी है।
वहीं, पुलिस प्रवक्ता ने जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में आतंकवादियों की मौजूदगी की अफवाहों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की असत्यापित रिपोर्टों को सोशल मीडिया पर फैलाना केवल जनता में डर और अफरातफरी पैदा करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें ताकि उसका सही सत्यापन किया जा सके।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि अगर कोई जानबूझकर असत्यापित जानकारी फैलाने की कोशिश करता है, तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की।
