रामबन। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैटरी चश्मा इलाके के पास सेना का एक वाहन 700 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिसमें तीन बहादुर जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया।
अधिकारियों के अनुसार, यह वाहन जम्मू से श्रीनगर जा रहे काफिले का हिस्सा था। सुबह करीब 11:30 बजे बैटरी चश्मा के पास यह दुर्घटना हुई। ट्रक अचानक सड़क से फिसलकर खाई में गिर गया। हादसे के तुरंत बाद सेना, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवकों ने संयुक्त रूप से बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, तीनों जवानों की जान पहले ही जा चुकी थी।
मृतकों की पहचान सिपाही अमित कुमार, सुजीत कुमार और मन बहादुर के रूप में हुई है। उनके पार्थिव शरीर को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। दुर्घटना के बाद वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था और धातु के ढेर में तब्दील हो गया था।
पुलिस ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है और मामले की सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।



