जम्मू: जम्मू-कश्मीर के कई प्रमुख शहरों में पाकिस्तान ने मिसाइलों से हमला किया, लेकिन भारतीय सुरक्षाबलों ने इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि, अभी तक इस हमले से होने वाले नुकसान के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पाकिस्तान ने रात भर जम्मू विश्वविद्यालय, परेड, कच्ची छावनी, सतवारी, सुबाष नगर, कालुचक, छन्नी हिम्मत, रिहाडी, उधमपुर, कठुधा और सांबा जैसे अहम इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
इन इलाकों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लैक आउट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ भारत के अन्य सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाने की योजना बनाई थी। दरअसल, पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर लगातार गोलीबारी कर रहा था, जिसमें 15 नागरिकों की मौत हो चुकी है और लगभग 50-60 लोग घायल हुए हैं। बुधवार-गुरुवार रात पाकिस्तान ने भारत के करीब 19 स्थानों पर हमला किया, हालांकि इनमें से अधिकांश हमलों को भारतीय सुरक्षाबलों ने विफल कर दिया।
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने सतवारी, सांबा, आरएस पुरा और अरनिया पर आठ मिसाइलें दागीं, लेकिन भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने इन्हें हवा में ही नष्ट कर दिया। जम्मू के आसमान में हुए विस्फोटों के दृश्य इजराइल पर हमास द्वारा किए गए हमलों की याद दिलाते हैं, जिससे यह साफ हो गया कि पाकिस्तान की सेना आतंकवादी संगठनों की तरह काम कर रही है।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान के ड्रोन को नष्ट किया, जिसके बाद धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं। इसी तरह, राजस्थान के जैसलमेर में भी भारतीय वायु रक्षा ने पाकिस्तान के ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया। इन घटनाओं के दौरान भी धमाकों की आवाजें सुनाई दीं।
राजस्थान के बीकानेर और पंजाब के जालंधर में सुरक्षा कारणों से पूरी तरह से ब्लैकआउट घोषित किया गया। इसके अलावा, किश्तवाड़, अखनूर, सांबा, जम्मू, पुंछ, राजौरी, अवंतीपोरा, उरी, अमृतसर और जालंधर में भी ब्लैकआउट लागू किया गया है।



