रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनता को रेलवे के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक तोहफा मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार, 22 मई को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नवनिर्मित और पुनर्विकसित पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।
अंबिकापुर, उरकुरा, डोंगरगढ़, भानुप्रतापपुर और भिलाई – ये पांच स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर यात्रियों का स्वागत करेंगे। उद्घाटन समारोह का मुख्य आयोजन अंबिकापुर में होगा, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू होगा, वहीं रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल उरकुरा स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
रेलवे के विकास में नया अध्याय
अमृत भारत योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के कुल 32 स्टेशनों को अपग्रेड किया जा रहा है, जिन पर लगभग 1680 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है। फिलहाल पहले चरण के तहत पांच स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है और अब प्रधानमंत्री इनके उद्घाटन से इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत करेंगे।
उरकुरा स्टेशन बना खास आकर्षण
रायपुर का उरकुरा स्टेशन श्रमिक जीवन और बस्तर की कला संस्कृति की झलक से संवर चुका है। स्टेशन की दीवारों को जहां बस्तर आर्ट से सजाया गया है, वहीं श्रमिकों की मेहनत को भी विशेष रूप से दर्शाया गया है। रेलवे के वरिष्ठ डीसीएम अवधेश त्रिवेदी ने बताया कि यह इलाका इंडस्ट्रियल एरिया से जुड़ा है, जिससे रोजाना हजारों श्रमिकों का आवागमन होता है।
यात्रियों को मिलेंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं
- महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षालय
- वातानुकूलित वेटिंग एरिया
- डिजिटल सूचना प्रणाली
- सीसीटीवी निगरानी
- दिव्यांगजनों के लिए रैंप
- स्वच्छ शौचालय और आधुनिक प्रतीक्षालय
- लिफ्ट और एस्केलेटर
- ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट और वर्षा जल संचयन
- स्थानीय कला और संस्कृति से सजे भित्तिचित्र
- व्यवस्थित पार्किंग और हरित क्षेत्र
छत्तीसगढ़ में रेलवे के इस नए अध्याय से न सिर्फ यात्री सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि क्षेत्रीय कला-संस्कृति को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।



