नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन टी20 में अभी भी उनकी आग बुझने वाली नहीं। 36 वर्षीय मैक्सवेल ने ‘द फाइनल वर्ड पॉडकास्ट’ में अपनी भावुक घोषणा करते हुए कहा कि अब टीम को भविष्य की तैयारी करनी होगी और वो खुद टी20 क्रिकेट में 2026 तक खेलते रहना चाहते हैं।
मैक्सवेल ने बताया कि 2022 में पैर टूटने के बाद वनडे क्रिकेट उनके लिए काफी चुनौती बन गया था। इस साल की चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भी उन्हें शरीर में थकान महसूस हुई, जिससे उन्होंने वनडे से संन्यास लेने का फैसला किया।
“अब नई पीढ़ी को मौका देने का वक्त है”
मैक्सवेल ने कहा, “मुझे लगा मैं टीम के लिए बोझ बन रहा हूँ। मैंने चयनकर्ता जॉर्ज बेली से कहा कि मैं 2027 विश्व कप तक नहीं खेल पाऊंगा, इसलिए अब मेरी जगह किसी नए खिलाड़ी को मौका मिलना चाहिए। मैं कभी भी केवल अपने रिकॉर्ड के लिए टीम में नहीं रहना चाहता।”
धमाकेदार रिकॉर्ड और यादगार पारियां
मैक्सवेल ने 149 वनडे मैचों में 3990 रन बनाए और 77 विकेट भी लिए। लेकिन सबसे खास था उनका विस्फोटक बल्लेबाजी अंदाज – 126.70 का स्ट्राइक रेट, जो ओडीआई इतिहास में दूसरे नंबर पर है। 2023 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ उनका 201* का दोहरा शतक क्रिकेट की कहानियों में हमेशा याद रखा जाएगा। यह ऑस्ट्रेलिया का पहला दोहरा शतक ही नहीं, बल्कि रन चेज़ में नंबर 6 पर आकर बना पहला दोहरा शतक था।
उनकी कुछ और यादगार पारियां:
- 2023 विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ सिर्फ 40 गेंदों में सबसे तेज़ शतक
- 2015 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ 51 गेंदों में शतक
- 2020 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 212 रन की नाबाद साझेदारी
- 2015 विश्व कप क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 44 रन और दो विकेट
- 2023 विश्व कप फाइनल में रोहित शर्मा का अहम विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को विजय दिलाई
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ने जताया आभार
ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने कहा, “ग्लेन वनडे क्रिकेट के सबसे रोमांचक खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके बल्ले, गेंद और फील्डिंग में ऊर्जा ने हमें हमेशा उत्साहित किया।”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने भी कहा, “ग्लेन की धमाकेदार बल्लेबाजी ने दुनियाभर के दर्शकों का दिल जीता। उन्होंने आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का काम किया।”
अब नजरें टी20 और यूएसए लीग पर
मैक्सवेल फिलहाल आईपीएल में चोटिल थे, लेकिन जल्द ही अमेरिका में होने वाली मेजर लीग क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। जुलाई में ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम कैरेबियाई दौरे पर जाएगी, जहां उनके खेलने की पूरी संभावना है।



