भोपाल। गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा स्थित पटाखा फैक्टरी में दो दिन पहले हुए भीषण विस्फोट में मारे गए मध्य प्रदेश के देवास और हरदा जिलों के 18 लोगों का गुरुवार को नर्मदा तट पर एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। मृतकों के परिजनों ने मुखाग्नि दी, लेकिन विस्फोट में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण कई लोगों को अंतिम दर्शन भी नहीं कराए जा सके। अंतिम संस्कार के दौरान प्रशासन, पुलिस और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विस्फोट में 18 मजदूरों की मौत, कई घायल
गुजरात में मंगलवार सुबह पटाखा फैक्टरी में हुए जबरदस्त विस्फोट में मध्य प्रदेश के 18 मजदूरों की जान चली गई। इनमें हरदा जिले के हंडिया के आठ और देवास जिले के संदलपुर गांव के 10 निवासी शामिल थे। धमाका इतना जबरदस्त था कि कई मजदूरों के शरीर के टुकड़े 50 मीटर दूर तक बिखर गए। फैक्टरी के पीछे खेतों में भी मानव अंग मिले। हादसे में आठ मजदूर घायल भी हुए।
मृतकों के शव लाने की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर मंत्री नागर सिंह चौहान और पुलिस-प्रशासन की टीम गुजरात जाकर शवों को लेकर आई। बुधवार सुबह देवास के 10 मृतकों के शव उनके पैतृक गांव रवाना किए गए, जबकि बाकी शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद लाया गया। चूंकि देवास में इतने शवों को आइसबॉक्स में रखने की सुविधा नहीं थी, इसलिए सभी शवों को इंदौर एमवाय अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा गया।
गुरुवार सुबह शवों को संदलपुर लाया गया, जहां परिजनों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद सभी शवों को नेमावर घाट ले जाया गया और एक ही स्थान पर 18 लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। हरदा के हंडिया के मृतकों के शवों को भी इंदौर से सीधे नेमावर घाट लाया गया, जहां परिजनों ने एंबुलेंस में ही अंतिम दर्शन किए।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
अंतिम संस्कार के दौरान खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, हरदा विधायक आरके दोगने, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे। विधायक दोगने ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा घोषित आर्थिक सहायता के चेक सौंप दिए गए हैं।
मृतकों की सूची
हरदा जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, विस्फोट में जान गंवाने वाले मजदूरों के नाम निम्नलिखित हैं:
हरदा जिले के मृतक
- गुड्डी बाई (30) पत्नी भगवान सिंह नायक
- विजय (17) पुत्र भगवान सिंह नायक
- अजय (16) पुत्र भगवान सिंह नायक
- कृष्णा (12) पुत्र भगवान सिंह नायक
- विष्णु (18) पुत्र सत्यनारायण सिंह नायक
- सुरेश (25) पुत्र अमर सिंह नायक
- बबीता (30) पत्नी संतोष नायक
- धनराज बैन (28) निवासी ग्राम हंडिया
देवास जिले के मृतक
- लखन (24) पुत्र गंगाराम भोपा
- सुनीता (20) पत्नी लखन भोपा
- केशरबाई (50) पत्नी गंगाराम भोपा
- राधा (11) पुत्री गंगाराम भोपा
- रुकमा (8) पुत्री गंगाराम भोपा
- अभिषेक (5) पुत्र गंगाराम भोपा
- राकेश (30) पुत्र बाबूलाल भोपा
- लाली (25) पत्नी राकेश भोपा
- किरण (5) पुत्री राकेश भोपा
- पंकज (ठेकेदार)
इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है। प्रशासन और सरकार पीड़ितों की हरसंभव मदद के लिए आश्वासन दे रही है।