शाहजहांपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव भरे माहौल के बीच भारतीय वायुसेना ने अपनी शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। यूपी के शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे की 3.5 किमी लंबी एयरस्ट्रिप पर राफेल, मिराज और जगुआर जैसे घातक फाइटर जेट्स ने गरजती आवाजों के साथ लैंडिंग और टेकऑफ कर भारत की ताकत का लोहा मनवाया।
सुबह सबसे पहले एएन-32 विमान ने एक्सप्रेस-वे पर ‘टच एंड गो’ किया। इसके बाद मिराज और राफेल जेट्स ने अपनी दहाड़ से आसमान गुंजा दिया। खराब मौसम और तेज हवाओं के बीच पायलट्स ने जबरदस्त कौशल दिखाते हुए विमानों को सुरक्षित उतारा। इस दौरान एक पायलट ने हवा के तेज झोंकों से जूझते हुए विमान का रुख मोड़ा और सुरक्षित लैंडिंग की।
अब तक 16 से ज्यादा लड़ाकू विमानों ने गंगा एक्सप्रेस-वे पर टच एंड गो कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। इनमें मिग, जगुआर, राफेल और हरक्यूलिस जैसे विमान शामिल रहे। जेट्स के करतब देखकर वहां मौजूद लोगों ने तालियों और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से भर दिया।
रात में होगा धमाकेदार एयर शो
वायुसेना की यह शक्ति प्रदर्शन यहीं नहीं थमा। शाम को 7 बजे से रात 10 बजे तक 3 घंटे का नाइट लैंडिंग शो भी आयोजित होगा, जिसमें अंधेरे में विमानों की लैंडिंग और करतब देखना लोगों के लिए यादगार अनुभव बनेगा। शनिवार को भी दिनभर एयर शो का आयोजन होगा, हालांकि नाइट शो नहीं होगा।
गौरतलब है कि गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश का चौथा ऐसा एक्सप्रेस-वे है, जहां एयरस्ट्रिप बनाई गई है। यह देश का पहला एक्सप्रेस-वे है, जहां रात में भी लड़ाकू विमानों की लैंडिंग संभव है। 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा है और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।