नई दिल्ली: यूथ गेम्स के शानदार समापन के बाद अब खेलो इंडिया का सफर दीव के घोघला बीच पर पहुंच गया है, जहां आज यानी 19 मई से पहली बार खेलो इंडिया बीच गेम्स की शुरुआत हो रही है। देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए 1000 से ज्यादा युवा खिलाड़ी इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में अपनी ताकत और हुनर दिखाएंगे।
छह मुकाबलों में होगा जीत का जलवा, दो प्रदर्शनी खेल भी होंगे खास
इस बार बीच गेम्स में छह दमदार खेल होंगे, जिनमें शामिल हैं: बीच सॉकर, बीच वॉलीबॉल, सेपक टकरा, बीच कबड्डी, पेंचक सिलाट और ओपन वॉटर स्वीमिंग। इसके अलावा, टग ऑफ वॉर और मल्लखंब को प्रदर्शनी खेल के रूप में भी शामिल किया गया है, जो इस आयोजन की विविधता और रोमांच को और बढ़ाएंगे।
दीव में लगातार दूसरी बार होगा आयोजन, अब खेलो इंडिया के बैनर तले
पिछले साल दीव प्रशासन द्वारा आयोजित इस इवेंट में मध्य प्रदेश ने शानदार जीत दर्ज की थी। इस बार खेलो इंडिया पहल के तहत यह आयोजन और भी भव्य और संगठित रूप में हो रहा है, जो इसे केंद्र सरकार के प्रमुख खेल कार्यक्रम के रूप में स्थापित करता है।
केंद्रीय मंत्री करेंगे भव्य उद्घाटन, साथ में मौजूद होंगे खेल जगत के सितारे
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल भी इस मौके पर शामिल होंगे। कबड्डी स्टार साक्षी पुनिया, हॉकी खिलाड़ी जोगिंदर सिंह, बैडमिंटन की तृप्ति मुरगुंडे, टेबल टेनिस की ममता प्रभु और वेटलिफ्टर रवि कुमार कटुलु जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
सांस्कृतिक रंगीनियां और ‘पर्ल्स’ मैस्कॉट से होगा उत्सव का डबल मज़ा
उद्घाटन समारोह को और खास बनाने के लिए गुजरात के गरबा, उत्तर भारत के भांगड़ा, दक्षिण भारत के कथकली और पूर्वोत्तर के बिहू जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है। लोकप्रिय गुजराती गायिका गीता बेन रबारी अपनी मधुर आवाज़ से माहौल को मंत्रमुग्ध कर देंगी।
इस आयोजन का दिलचस्प आकर्षण होगा ‘पर्ल्स’—डॉल्फिन पर आधारित ये मैस्कॉट, जो सर्फबोर्ड लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह बढ़ाएगा।
खेलो इंडिया बीच गेम्स न केवल खिलाड़ियों को नई पहचान देंगे, बल्कि भारत में बीच स्पोर्ट्स की बढ़ती लोकप्रियता को भी नई उड़ान देंगे। तैयार हो जाइए एक शानदार खेल उत्सव के लिए!