बगदाद। उत्तरी इराक का किरकुक शहर सोमवार रात धमाकों की गूंज से कांप उठा। किरकुक इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सैन्य हिस्से को निशाना बनाते हुए अज्ञात हमलावरों ने तीन रॉकेट दागे, जिससे शहर में अफरातफरी मच गई। दो रॉकेट एयरपोर्ट के मिलिट्री सेक्शन में गिरे, जबकि तीसरा रॉकेट एक आम नागरिक के घर पर आ गिरा। शुरुआती जानकारी में एक व्यक्ति के मामूली रूप से घायल होने की खबर है।
ईरान की मेहर और तुर्किये की अनादोलु न्यूज एजेंसियों ने इराक की सरकारी समाचार एजेंसी INA के हवाले से इस हमले की पुष्टि की है। बताया गया कि स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 11:30 बजे (2030 GMT) एयरपोर्ट पर रॉकेट दागे गए। इन हमलों के चलते सैन्य इलाके के पास झाड़ियों में आग भी लग गई, जिसे दमकल विभाग ने तत्काल काबू में कर लिया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, रनवे और बाकी एयरपोर्ट सुविधाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। सभी उड़ानें अपने निर्धारित समय पर जारी रहेंगी। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने एयरपोर्ट के चारों ओर कड़ी निगरानी और सुरक्षा बंदोबस्त कर दिए हैं।
गौरतलब है कि किरकुक इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नागरिक उड़ानों के लिए अक्टूबर 2022 में खोला गया था। इससे पहले, 2003 से 2011 तक यह एयरबेस अमेरिकी वायुसेना के नियंत्रण में था, जिसे बाद में इराकी सेना को सौंप दिया गया।
इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। जानकारों का कहना है कि यह हमला इराक में चल रही लंबे समय से जारी अस्थिरता और छद्म युद्धों का हिस्सा हो सकता है।
पिछले हफ्ते भी ऐसे ही एक रहस्यमय ड्रोन हमले में बगदाद और दक्षिणी इराक के दो सैन्य अड्डों के रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया था। यह हमला ईरान-इज़राइल संघर्षविराम से महज कुछ घंटे पहले हुआ था। अभी तक उसके भी दोषियों का पता नहीं चल पाया है।
इराक एक बार फिर उस युद्धभूमि में बदलता नजर आ रहा है, जहां स्थिरता एक अनसुलझी चुनौती बनकर खड़ी है।



