KHARGE

कांग्रेस ने देश की आज़ादी के लिए संघर्ष किया, कुर्बानियां दीं: मल्लिकार्जुन खरगे

जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को जयपुर के रामलीला मैदान में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ में संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की आज़ादी के लिए संघर्ष किया और इस रास्ते में अनगिनत कुर्बानियां दीं। उन्होंने कहा कि देश सबसे पहले है, फिर संगठन और पार्टी। संविधान ही लोकतंत्र की नींव है, जो किसी चायवाले को प्रधानमंत्री और एक दलित के बेटे को पार्टी अध्यक्ष बनने का अवसर देता है। यदि संविधान की रक्षा की जाती है, तो ही लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा।

रैली की शुरुआत पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस मौके पर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि “मैं पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को नमन करता हूं। कश्मीर हमारा अभिन्न अंग है, और हम सब वहां घूमने जाते हैं।” इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में आयोजित सर्वदलीय बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि सभी दलों के नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया, लेकिन प्रधानमंत्री खुद बैठक में शामिल नहीं हुए, जबकि चुनावी भाषण देने के लिए बिहार चले गए थे। वहीं राहुल गांधी ने अमेरिकी दौरा रद्द कर जम्मू-कश्मीर जाने का निर्णय लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी रैली में देश में ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी संस्थाओं के दबाव में होने की बात कही और सवाल किया कि जब संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र नहीं रहेंगी, तो लोकतंत्र कैसे बच पाएगा? उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए बेहतरीन काम किया है।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया और कहा, “जब मुंबई हमला हुआ था, तब कांग्रेस ने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार का समर्थन किया था। आज भी राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सरकार के साथ खड़ी है। पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए।” पायलट ने यह भी चेताया कि पाकिस्तान भारत में धर्म और जाति के नाम पर नफरत फैलाने की कोशिश कर रहा है, इसलिए देशवासियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री पद का चयन दिल्ली से आई “पर्ची” से किया गया, जिससे प्रदेश का बेड़ा गर्क हो गया। जयपुर से ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ के जरिए कांग्रेस ने देशभर में अपने जनसंघर्ष अभियान की शुरुआत की है।

Jairam Ramesh, CONGRESS

मणिशंकर अय्यर की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस का हुआ किनारा, पार्टी ने किया स्पष्ट

SHIVRAJ SINGH CHAUHAN

शिवराज सिंह चौहान: खरीफ बुआई से पहले किसानों के लिए जागरूकता अभियान चलाएं KVK और ICAR