कवर्धा में इनामी नक्सली दंपति ने किया आत्मसमर्पण, 7 लाख का था इनाम

कवर्धा/रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में सशस्त्र बलों की कड़ी कार्रवाई का असर दिखने लगा है। नक्सली अब बैकफुट पर हैं और लगातार आत्मसमर्पण कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज गुरुवार को इनामी नक्सली दंपति रमेश उर्फ आटम गुड्डू और उसकी पत्नी सविता उर्फ लच्छी पोयम ने कबीरधाम पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। दोनों पर सात लाख रुपये का इनाम घोषित था।

राजनांदगांव रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य ने बताया कि यह आत्मसमर्पण कबीरधाम पुलिस की कड़ी मेहनत और प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने अन्य नक्सलियों से भी अपील की है कि वे हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हों और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं।

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाला 29 वर्षीय रमेश प्लाटून नंबर 01, एमएमसी जोन, जीआरबी डिवीजन कमेटी का सक्रिय सदस्य था, जबकि उसकी पत्नी 21 वर्षीय सविता टांडा एरिया कमेटी में कार्यरत थी। दोनों पिछले आठ वर्षों से नक्सली गतिविधियों में शामिल थे। वर्ष 2019 में भोरमदेव थाना क्षेत्र के बकोदा जंगल में मुठभेड़ के दौरान रमेश घायल भी हुआ था। संगठन में रहते हुए रमेश के पास 12 बोर की बंदूक और सविता के पास 8 एमएम की रायफल थी।

आत्मसमर्पण के बाद दोनों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी सुविधाएं दी जाएंगी। यह सफलता कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान का हिस्सा है, जिसमें एएसपी पुष्पेंद्र बघेल, पंकज पटेल, डीएसपी नक्सली ऑपरेशंस संजय ध्रुव और कृष्ण कुमार चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुंबई में बढ़ाई गई सुरक्षा, पहलगाम आतंकी हमले के बाद पुलिस का अलर्ट

प्रदेश के सभी अंचलों में समान रूप से उद्यमिता का हो विस्तार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव