कर्नाटक: हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सुहास शेट्टी हत्याकांड में आठ संदिग्ध हिरासत में, मंगलुरु में तनाव

मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या ने इलाके में तनाव की लहर दौड़ा दी है। पुलिस ने इस हत्याकांड के सिलसिले में 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। सुहास की हत्या के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया, जिसके विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा बुलाए गए बंद का व्यापक असर देखा गया। बाजार बंद रहे, सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और बस सेवाएं ठप रहीं।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलुरु पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल के नेतृत्व में 5 विशेष जांच टीमें बनाई हैं। घटना के 24 घंटे के भीतर संदिग्धों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है।

मंगलुरु प्रशासन ने हालात को काबू में रखने के लिए 6 मई तक धारा 144 लागू कर दी है। 2 मई को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुहास शेट्टी का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा के दौरान किसी भी तरह के जुलूस की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के 5 जिलों के पुलिस अधीक्षकों, KSRP की 22 टुकड़ियों और करीब 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

हत्या की गूंज सियासी गलियारों तक पहुंची। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जघन्य हत्या हिंदू समाज को गहरे सदमे में डालने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है और यह घटना प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को उजागर करती है।

सवाल उठ रहे हैं कि सुहास शेट्टी की हत्या के पीछे कौन-सी साजिश छिपी है। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। इलाके में हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

गोवा में लैराई जात्रा के दौरान मची भगदड़: 6 श्रद्धालुओं की मौत, 15 घायल; पीएम मोदी ने CM सावंत से की बात

army

गरियाबंद मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की हुई पहचान, मोस्ट वांटेड आयतू उर्फ योगेश कोरसा था ढेर