एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास, 10,000 मीटर रेस में भारत को दिलाया गोल्ड

नई दिल्ली। एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत को उसका पहला स्वर्ण पदक मिल गया है और इसके नायक बने हैं देश के चमकते सितारे गुलवीर सिंह। पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में गुलवीर ने न केवल शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि आखिरी लैप में जबरदस्त स्पीड दिखाते हुए मुकाबले को अपने नाम कर लिया।

गुलवीर ने 28 मिनट 38.63 सेकंड में रेस पूरी की। रेस की शुरुआत में वह टॉप 5 धावकों के समूह में टिके रहे और अंतिम चक्र में बहरीन के अल्बर्ट किबिची रोप को पीछे छोड़ते हुए दमदार फिनिश के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ गुलवीर भारत के लिए एशियाई चैंपियनशिप के इतिहास में पुरुषों की 10,000 मीटर रेस में तीसरा गोल्ड लाने वाले एथलीट बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि हरि चंद (1975) और जी. लक्ष्मणन (2017) ने हासिल की थी।

बता दें कि गुलवीर सिंह के नाम इस इवेंट में पहले से ही 27:00.22 मिनट का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज है। यह एशियन चैंपियनशिप में उनका दूसरा मेडल है। इससे पहले उन्होंने 2023 में 5,000 मीटर में कांस्य पदक जीता था। इस स्वर्णिम जीत के साथ गुलवीर न केवल भारतीय एथलेटिक्स की नई पहचान बनकर उभरे हैं, बल्कि आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनसे बड़ी उम्मीदें भी बंध गई हैं।

इस रेस में भारत के ही एक और धावक सावन बरवाल ने भी बेहतरीन प्रयास किया, लेकिन वह मेडल से थोड़ा पीछे रह गए। सावन ने 28:50.53 मिनट के समय के साथ चौथा स्थान हासिल किया।

गुलवीर की यह जीत भारत की एथलेटिक्स में बढ़ती ताकत और युवा प्रतिभाओं की नई लहर का प्रमाण है।

SERVIN SEBASTIAN

ASIAN ATHLETICS CHAMPIONSHIPS 2025: भारत को पहला पदक, सर्विन सेबास्टियन ने रचा इतिहास

PRO KABADDI

प्रो कबड्डी लीग 12 की नीलामी में छाएंगे ‘बेस्ट रेडर’ देवांक दलाल, उत्साह से लबरेज बोले- “नीलामी के लिए बेहद रोमांचित हूं!”