कोलकाता। सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान (AI-180) को सोमवार तड़के तकनीकी खराबी के चलते कोलकाता एयरपोर्ट पर रोकना पड़ा। विमान जैसे ही कोलकाता में निर्धारित टेक्निकल स्टॉप पर उतरा, उसके बाएं इंजन में गंभीर तकनीकी समस्या सामने आ गई।
रात 12:45 बजे कोलकाता में लैंड करने के बाद विमान में असामान्य कंपन और तापमान बढ़ने की सूचना मिली। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इंजन में गड़बड़ी खतरनाक हो सकती है। ऐसे में कैप्टन ने जोखिम न लेते हुए मुंबई की उड़ान रद्द करने और विमान को वहीं रोकने का फैसला लिया। सुबह 5:20 बजे यात्रियों को इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई और सुरक्षा कारणों से सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाल लिया गया।
इसके बाद यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल भवन में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया, जहां एअर इंडिया की ओर से भोजन, आराम और यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
वहीं, तकनीकी और अभियंता टीम ने इंजन की गड़बड़ी की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विमान को सुरक्षा घेरे में रखा गया है और ग्राउंड स्टाफ पूरी सतर्कता से समीक्षा कर रहा है।
एअर इंडिया ने यात्रियों को मुंबई पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों और अन्य परिवहन विकल्पों की व्यवस्था शुरू कर दी है। यात्रियों को मोबाइल मैसेज और एयरपोर्ट काउंटरों के माध्यम से लगातार अपडेट दिया जा रहा है। एयरलाइन का कहना है कि सुरक्षा ही उनकी पहली प्राथमिकता है और यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।