उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में आज आतंकियों के खिलाफ जारी मुठभेड़ में भारतीय सेना के एक वीर जवान ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर इस दुखद लेकिन गर्व से भरी जानकारी साझा की। कोर ने बताया कि विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने संयुक्त अभियान छेड़ा था।
ऑपरेशन के दौरान भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।
फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला हुआ है। सेना और पुलिस आतंकियों को ढेर करने के लिए पूरी ताकत से जुटी है।