नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और हीट वेव के साथ धूल भरी आंधी व गरज-चमक की चेतावनी ने हालात और गंभीर बना दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 और 13 जून के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
12 जून को राजधानी समेत कई इलाकों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। हवा में नमी केवल 25% के स्तर पर बनी रहेगी। इस दौरान धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
13 जून को भी तापमान में कोई बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है, लेकिन 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है, जिससे थोड़ी राहत महसूस हो सकती है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने इस दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राहत की खबर यह है कि 13 जून की रात से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 14 जून से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जब अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है। उस दिन किसी प्रकार की चेतावनी नहीं दी गई है।
15 से 18 जून के बीच मौसम में और नरमी आने की उम्मीद है। इस दौरान हल्की बारिश और आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान 38 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर के समय बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और खुद को धूप से बचाएं।
भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लोगों के लिए 13 जून की रात एक बड़ी राहत लेकर आ सकती है, लेकिन तब तक सतर्कता और सावधानी ही एकमात्र उपाय है।