देहरादून। उत्तराखंड में बृहस्पतिवार से लगातार बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जिससे पूरे राज्य में ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को भी कई क्षेत्रों में बारिश जारी रही। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने आज भी बारिश की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है।
राजधानी देहरादून में घने बादलों के बीच लगातार बारिश हो रही है। हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी संभव है। पर्वतीय जिलों में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।
चार धाम – यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। उत्तरकाशी के सुक्की टॉप, राड़ी टॉप, हर्षिल, मुखवा, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि इस सर्दी में पहली बार पश्चिमी विक्षोभ इतनी तीव्रता से सक्रिय हुआ है, जिससे पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण प्रदेशभर में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बुधवार को देहरादून का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था, जो बृहस्पतिवार शाम तक घटकर 16.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।