उत्तराखंड के माणा क्षेत्र में हिमस्खलन से घायल मजदूरों से मिले मुख्यमंत्री धामी, जाना हालचाल

गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को चमोली जिले के ज्योतिर्मठ पहुंचे, जहां उन्होंने बदरीनाथ धाम के माणा क्षेत्र में हुए हिमस्खलन में घायल मजदूरों से सेना अस्पताल में मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इन मजदूरों को रेस्क्यू कर ज्योतिर्मठ स्थित अस्पताल लाया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का हवाई निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि रेस्क्यू किए गए सभी मजदूरों को ज्योतिर्मठ लाया जा रहा है और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने घायलों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। साथ ही, जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि बचाव कार्य में किसी भी जरूरी संसाधन की कमी न होने पाए और आवश्यक जरूरतों की समय पर पहचान की जाए।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे माणा पास के पास हिमस्खलन हुआ, जहां बीआरओ के 57 मजदूर कंटेनरों में रह रहे थे। इनमें से दो मजदूर छुट्टी पर थे। आईटीबीपी और सेना के रेस्क्यू अभियान के तहत अब तक 47 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चार हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं, जिनकी मदद से अब तक 25 मजदूरों को ज्योतिर्मठ लाया गया है। इनमें से चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं और उनका सेना अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार से पूरी मदद मिल रही है। एनडीआरएफ की 28 सदस्यीय टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है, जो अनुभवी होने के कारण रेस्क्यू अभियान को तेजी से पूरा करने में मदद करेगी। जल्द ही बाकी मजदूरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ और एसीएमओ एमएस खाती भी मौजूद रहे।

मुंबई के अलीबाग तट पर फिशिंग बोट में आग, सभी मछुआरे सुरक्षित बचाए गए

मणिपुर में 8 मार्च से सड़कों पर निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश: अमित शाह