NETANYAHU

इजरायल-हमास युद्धविराम पर ट्रंप का बड़ा दावा: 60 दिन की सीजफायर के लिए तैयार हुआ इजरायल, अब हमास की बारी

ह्यूस्टन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडिल ईस्ट में शांति की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दावा किया है कि इजरायल ने हमास के साथ 60 दिन के संघर्षविराम की अहम शर्तों पर सहमति जता दी है। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि अब हमास को भी इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेना चाहिए, ताकि इस भीषण संघर्ष को विराम दिया जा सके।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “मुझे उम्मीद है कि हमास मिडिल ईस्ट की भलाई को देखते हुए इस समझौते पर हस्ताक्षर करेगा। मौजूदा हालात अगर ऐसे ही चलते रहे, तो स्थिति और भी खराब हो जाएगी।”

उन्होंने बताया कि इस सीजफायर की शर्तों को अंतिम रूप देने के लिए इजरायल से लंबी बैठक की गई है और कतर तथा मिस्र जल्द ही अंतिम प्रस्ताव सामने रखेंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि सभी पक्ष युद्ध को समाप्त करने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे।

बंदियों की रिहाई भी शामिल प्रस्ताव में

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रस्ताव में हमास की कुछ बड़ी चिंताओं को दूर करने की कोशिश की गई है। प्रस्ताव के तहत सीजफायर की अवधि में इजरायली बंधकों की रिहाई के बदले फिलिस्तीनी कैदियों को छोड़ा जाएगा।

व्हाइट हाउस में नेतन्याहू से होगी मुलाकात

ट्रंप ने पुष्टि की है कि वह सोमवार को व्हाइट हाउस में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे। यह नेतन्याहू का तीसरा दौरा होगा, जो ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद हो रहा है।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अब राष्ट्रपति ट्रंप की प्राथमिकता ‘इजरायल-हमास संघर्ष’ को समाप्त करना है, खासतौर पर ईरान पर इजरायली हमलों के बाद उत्पन्न हुए हालात को देखते हुए।

गाजा में बढ़ता मानवीय संकट

इजरायल ने 18 मार्च को गाजा में सैन्य अभियान दोबारा शुरू किया था, जिससे दो महीने का पिछला सीजफायर टूट गया। इसके बाद से गाजा में हालात और भयावह हो गए हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस हमले के बाद से अब तक कम से कम 6,089 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 21,013 घायल हुए हैं।

जबकि अक्टूबर 2023 में युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक कुल 56,412 फिलिस्तीनी अपनी जान गंवा चुके हैं और करीब 1.33 लाख लोग घायल हुए हैं।

अब दुनिया की निगाहें इस प्रस्ताव पर टिकी हैं — क्या हमास भी इस प्रस्ताव को स्वीकार करेगा और क्या मिडिल ईस्ट को एक और मौका मिलेगा शांति की ओर बढ़ने का?

PM MODI,

वैश्विक कूटनीति पर निकले मोदी: पांच देशों की ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना, भारत की ताकत दुनिया को दिखाएंगे

T20 में भारत की धमाकेदार दूसरी जीत, इंग्लैंड को 24 रन से दी शिकस्त, सीरीज में 2-0 से आगे