नई दिल्ली। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन भारत ए ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। टीम के अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर ने अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया और नाबाद शतक जड़कर भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह पक्की करने की तैयारी कर डाली है। नायर ने शुरू से ही आक्रमक रुख अपनाया और दिन के अंत तक बल्लेबाज़ी जारी रखी।
जल्दी गिरे विकेट, फिर नायर ने संभाला मोर्चा
मैच की शुरुआत में कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का जल्दी आउट होना भारत ए के लिए झटका था, लेकिन करुण नायर ने छठे ओवर में बैट संभालते ही एक जोरदार बाउंड्री लगाकर अपनी ताकत का परिचय दिया। यशस्वी जायसवाल ने भी धमाकेदार छक्का जड़ा, लेकिन वह 24 रन पर पवेलियन लौट गए।
सरफराज खान के साथ 181 रनों की जबरदस्त साझेदारी
करुण नायर ने इसके बाद युवा स्टार सरफराज खान के साथ मिलकर इंग्लैंड की गेंदबाजी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। दोनों ने मिलकर 181 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। जब दोनों लगभग 90 रन के आस-पास थे, तभी सरफराज 92 रन पर आउट हो गए, लेकिन उनका धमाकेदार प्रदर्शन सबके दिल में जगह बना गया।
जुरेल के साथ 177 रनों की नाबाद साझेदारी, भारत ए ने जमा लिए 409 रन
सरफराज के आउट होने के बाद नायर ने विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने मैदान पर 34 ओवर तक कोई भी विकेट नहीं गिरने दिया और इंग्लैंड लायंस की गेंदबाजी की कमर तोड़ दी। आईपीएल के बाद भी शानदार फॉर्म में दिख रहे नायर और जुरेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत ए को 3 विकेट पर 409 रन तक पहुंचा दिया। करुण नायर इस समय नाबाद 186 रन पर हैं और दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि जुरेल ने भी नाबाद 82 रन बनाए हैं।



