नई दिल्ली। अनुभवी शूटर और एशियाड पदक विजेता चेन सिंह ने अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में चल रहे आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल/शॉटगन विश्व कप में भारत के लिए पहला पदक जीत लिया है। उन्होंने शुक्रवार को पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में हंगरी के इस्टवान पेनि ने 461.0 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन के तियान जियामिंग को 458.8 अंकों के साथ रजत पदक मिला। चेन सिंह ने 45 शॉट्स के फाइनल में 443.7 अंक अर्जित किए। अंतिम से पहले शॉट के बाद वह प्रतियोगिता से बाहर हो गए, लेकिन तब तक उन्होंने भारत के लिए पदक पक्का कर दिया था। यह उनका तीन वर्षों बाद आईएसएसएफ प्रतियोगिता में पहला पदक है।
क्वालिफिकेशन राउंड में तीन भारतीय फाइनल में पहुंचे
भारत की ओर से ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और चेन सिंह ने फाइनल के लिए जगह बनाई। इस राउंड में ओलंपिक और विश्व चैंपियन अलेक्जेंडर श्मिर्ल जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल थे। ऐश्वर्य ने 589 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि चेन को समान स्कोर के बावजूद सटीकता के आधार पर तीसरा स्थान मिला। नीरज ने 587 अंकों के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।
फाइनल मुकाबले की झलक
फाइनल की शुरुआत में नीरज कुमार ने घुटने के बल स्थिति में दमदार शुरुआत की और दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन बाद में उनका प्रदर्शन गिर गया। ऐश्वर्य और चेन ने धीरे-धीरे लय पकड़ी और प्रोन पोजिशन के बाद तीसरे और चौथे स्थान पर पहुंचे। अंतिम स्टैंडिंग पोजिशन में उन्होंने मजबूती बरकरार रखी। हालांकि ऐश्वर्य को 41वें शॉट में 7.8 अंक के कारण पदक की दौड़ से बाहर होना पड़ा। ऑस्ट्रिया के श्मिर्ल भी 42वें शॉट के बाद पांचवें स्थान पर रहकर बाहर हो गए। इसी के साथ चेन सिंह का पदक तय हो गया।
अन्य मुकाबलों में भारतीय प्रदर्शन
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के पहले दिन के प्रिसिशन राउंड में मनु भाकर ने 300 में से 291 अंक अर्जित कर चौथा स्थान हासिल किया। सिमरनप्रीत कौर बराड़ 290 अंकों के साथ छठे और ईशा सिंह 285 अंकों के साथ बारहवें स्थान पर रहीं।
वहीं स्कीट स्पर्धा के दूसरे दिन पेरिस ओलंपियन राइजा ढिल्लों ने तीन राउंड में 71 अंक जुटाकर सातवें स्थान पर रहीं और भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ स्कोर किया। वह शीर्ष पर काबिज खिलाड़ी से केवल दो अंक पीछे हैं।