उज्जैन: बॉलीवुड के मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने रविवार सुबह उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए और भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की। अपने परिवार के साथ अरिजीत सिंह भस्म आरती में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने पूरी श्रद्धा से इस पवित्र अनुष्ठान का हिस्सा बने। यह पूजन आकाश पुजारी द्वारा सम्पन्न कराया गया।
शनिवार रात को इंदौर में अपने लाइव कॉन्सर्ट को सफलतापूर्वक सम्पन्न करने के बाद, अरिजीत सिंह रविवार सुबह करीब चार बजे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पहले भस्म आरती में भाग लिया और फिर भगवान महाकाल की पूजा की। अरिजीत और उनकी पत्नी ने मंदिर की देहरी से दर्शन किए, जबकि आकाश पुजारी ने उन्हें जल अर्पित किया। महाकाल मंदिर समिति ने उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
अरिजीत सिंह लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप करते रहे। इस दौरान उनकी पत्नी कोयल रॉय भी उनके साथ रहीं। गायक ने साधारण वेशभूषा में, भगवान महाकाल के नाम वाला कुर्ता और माथे पर चंदन का तिलक लगाए हुए नजर आए।
महाकाल का विशेष श्रृंगार और भस्म अर्पित की गई
महाकालेश्वर मंदिर में तड़के भस्म आरती के दौरान, मंदिर के पट खुलते ही पंडे-पुजारियों ने भगवान महाकाल के गर्भगृह में स्थित प्रतिमाओं का पूजन किया। जलाभिषेक, पंचामृत से पूजा और कपूर आरती के बाद, भगवान महाकाल के मस्तक पर भांग, चंदन और त्रिपुण्ड अर्पित कर उनका विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद, भगवान महाकाल को कपड़े से ढककर भस्म रमाई गई, और उन्हें भांग, ड्रायफ्रूट, चंदन, आभूषण और फूलों से राजा स्वरूप में सजाया गया। भक्तों ने भगवान महाकाल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
विशेष भेंट अर्पित की गई
इस दिन दो भक्तों ने भगवान महाकाल को विशेष भेंट चढ़ाई। दिल्ली से आए भक्त चंदन चावला ने भगवान महाकाल को 3064 ग्राम वजन का चांदी का मुकुट और दो नाग कुंडल अर्पित किए। वहीं, मुंबई से आईं नीलम नीतेश सिंह ने रजत अभिषेक पात्र और भगवान महाकाल के भोग के लिए लकड़ी पर रजत जड़ित पाटला भेंट किया। मंदिर प्रबंध समिति ने इन दानदाताओं को भगवान महाकाल का दुपट्टा और प्रसाद प्रदान किया और दान की रसीद भी दी।
इस पवित्र दिन पर महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी संख्या में उपस्थिति रही, जिन्होंने बाबा महाकाल के आशीर्वाद से अपने जीवन को धन्य किया।



