TRUMP, US, DONALD

अमेरिका-चीन के बीच फिर मंडराया व्यापार युद्ध का खतरा, ट्रंप ने चीन पर समझौते के उल्लंघन का लगाया आरोप

वाशिंगटन। दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच एक बार फिर तनाव गहराने लगा है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर हाल ही में हुए व्यापार समझौते का उल्लंघन करने का गंभीर आरोप लगाया है। ट्रंप की इस तल्ख टिप्पणी ने न केवल वैश्विक बाजारों में हलचल मचा दी है, बल्कि अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध की आशंका को भी हवा दे दी है।

शुक्रवार सुबह ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “चीन ने हमारे साथ किए गए व्यापारिक समझौते का पूरी तरह से उल्लंघन किया है।” ट्रंप का यह बयान अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के उस इंटरव्यू के बाद आया है जिसमें उन्होंने अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता को लेकर निराशा जताई थी। बेसेंट ने यह भी इशारा किया कि अगले सप्ताह राष्ट्रपति शी जिनपिंग से वार्ता हो सकती है।

इन बयानों का असर अमेरिकी शेयर बाजार पर तुरंत दिखा और शुक्रवार सुबह शुरुआती ट्रेडिंग में बाजार में गिरावट देखी गई। उल्लेखनीय है कि इसी महीने की शुरुआत में अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ कटौती को लेकर एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौता हुआ था। उस समझौते के तहत अमेरिका ने चीनी सामानों पर टैरिफ 145% से घटाकर 30% करने पर सहमति जताई थी, वहीं चीन ने भी अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ 125% से घटाकर 10% करने का वादा किया था। इस पहल को वैश्विक बाजारों ने सकारात्मक संकेत के तौर पर लिया था, और शेयर बाजारों में भी तेजी देखी गई थी।

लेकिन अब जब समझौते पर सवाल खड़े हो रहे हैं और ट्रंप खुद इसकी आलोचना कर रहे हैं, तो ऐसा लगता है कि यह व्यापारिक युद्ध एक बार फिर भड़क सकता है। आने वाले हफ्तों में अमेरिका-चीन के रिश्तों की दिशा तय होगी, और इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।

टीवी जगत की ‘हौलिहान’ नहीं रहीं – 87 साल की उम्र में लोरेटा स्विट का निधन

दक्षिण सूडान पर फिर चला संयुक्त राष्ट्र का डंडा, एक साल के लिए हथियार प्रतिबंध बढ़ाया गया