मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने महाराष्ट्र दौरे पर हैं और सोमवार की रात नागपुर पहुंच चुके हैं। दो दिन के इस दौरे में वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और भाजपा के लिए भी बड़े आयोजन करेंगे। नागपुर पहुंचने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
नागपुर में करेंगे राष्ट्रीय कैंसर संस्थान की आधारशिला
शाह आज सुबह जामथा स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के अतिथि गृह ‘स्वस्ति निवास’ का भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) के अस्थायी परिसर का उद्घाटन करेंगे और कामठी तालुका के चिंचोली में इसके स्थायी परिसर की आधारशिला भी रखेंगे।
नांदेड में बड़े आयोजन, पूर्व मुख्यमंत्री वसंतराव नाइक की प्रतिमा का अनावरण
इसके बाद अमित शाह नांदेड के लिए रवाना होंगे, जहां आनंद नगर में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री वसंतराव नाइक की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। नांदेड में वे दोपहर 3:15 बजे नव मोथा ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शंकरराव चव्हाण स्मारक के कुसुम सभागार में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक भी करेंगे।
भाजपा कार्यालय का भव्य उद्घाटन, शाम को फिर जनसभा
शाम 6 बजे शाह नांदेड के औद्योगिक क्षेत्र में नाना-नानी पार्क में भाजपा महानगर कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नवा मोथा मैदान में एक और जनसभा को संबोधित करेंगे। पूरा कार्यक्रम उनके मुंबई लौटने से पहले संपन्न होगा।
मंगलवार को मुंबई में भी कई अहम कार्यक्रम
महाराष्ट्र भाजपा के अनुसार, मंगलवार को अमित शाह मुंबई के माधव बाग स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर की 150वीं वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर को मुंबई विश्वविद्यालय के सर कावसजी जहांगीर सभागार में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की 60वीं पुण्यतिथि पर विशेष व्याख्यान देंगे। शाम तक वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



