नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद कांग्रेस द्वारा संसद के विशेष सत्र की मांग पर भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) सांसद अनुराग ठाकुर ने कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस समय संसद में चर्चा से ज्यादा जरूरी है पाकिस्तान को कठोर जवाब देना।
अनुराग ठाकुर ने कहा, “सरकार हमेशा सदन में चर्चा को प्राथमिकता देती है, और जब भी उचित समय आता है, हम चर्चा के लिए तैयार रहते हैं। हम लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं और सदन में किसी भी मुद्दे पर चर्चा की मांग को हमेशा स्वीकार करते हैं।”
इससे पहले, बिहार की राजधानी पटना में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय दी। उन्होंने विपक्ष की विशेष सत्र बुलाने की मांग पर कहा, “सरकार सही समय आने पर सही फैसला लेगी। यह पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने का वक्त है। जैसा पुलवामा हमले के बाद आतंकियों को जवाब दिया गया था, वैसे ही पहलगाम घटना के बाद भी हमें उसी तरह से जवाब देने के लिए सब मिलकर प्रयास कर रहे हैं।”



