जामनगर। रिलायंस ग्रुप के अनंत अंबानी की द्वारका तक चल रही पदयात्रा के आठवें दिन शुक्रवार को बागेश्वरधाम के आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री ने भी सहभागिता की। सुबह 5 बजे महादेवडिया गांव से शुरू हुई यात्रा खाड़ी क्षेत्र के पास आकर रुकी, जिसे अब शनिवार सुबह फिर से आगे बढ़ाया जाएगा।
अनंत अंबानी 10 अप्रैल को भगवान द्वारकाधीश के मंदिर में अपना जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। इसके लिए वे जामनगर की रिलायंस टाउनशिप से लगभग 150 किलोमीटर दूर द्वारका तक पदयात्रा पर हैं, जहां वे प्रतिदिन 10 से 12 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। शुक्रवार की यात्रा में धीरेन्द्र शास्त्री नंगे पैर शामिल हुए और अपने मित्र अनंत अंबानी के प्रति श्रद्धा व स्नेह जताया।
इस मौके पर आचार्य शास्त्री ने मीडिया से कहा, “यह यात्रा भक्ति और शक्ति का प्रतीक है। अनंत अंबानी न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं, बल्कि उनका मन भी पूर्ण रूप से श्रद्धा से भरा है। वे मेरे प्रिय मित्र हैं और उनके साथ चलना मेरे लिए सम्मान की बात है।” उन्होंने यह भी कहा कि इस यात्रा के माध्यम से वह यह संदेश देना चाहते हैं कि चाहे इंसान कितना भी बड़ा हो जाए, उसे जमीन से जुड़े रहना चाहिए, क्योंकि कोई भी इमारत हवा में नहीं टिकती, उसकी नींव जमीन पर ही होती है।
इस पदयात्रा में अनंत अंबानी के साथ 200 ब्राह्मण भी पैदल चल रहे हैं, जो रास्ते भर भजन-कीर्तन करते हैं। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों में अनंत अंबानी के दर्शन को लेकर उत्साह भी देखा गया।