अजमेर। राजस्थान के अजमेर के डिग्गी बाजार में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नाज होटल में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के वक्त होटल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 8 बजे जोरदार धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि होटल के एक कमरे में लगा एसी फटने से धमाका हुआ, जिसने चंद पलों में ही आग को पूरे होटल में फैला दिया। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है।
जैसे ही आग लगी, होटल में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई लोग खिड़कियों से कूद पड़े। इसी बीच एक मां ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपने बच्चे को खिड़की से नीचे फेंक दिया, जिसे नीचे खड़े लोगों ने सुरक्षित पकड़ लिया। बच्चा मामूली रूप से झुलसा है और फिलहाल खतरे से बाहर है।
संकरा रास्ता होने के कारण दमकल और पुलिस टीम को बचाव कार्य में खासी मशक्कत करनी पड़ी। आग इतनी भयंकर थी कि कई दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी दम घुटने और गर्मी से बीमार पड़ गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को कॉल किया, लेकिन दमकल आधे घंटे की देरी से पहुंची, जिसके चलते हालात और बिगड़ गए। इस बीच लोगों ने खुद कांच तोड़कर और खिड़कियों से लोगों को निकालकर कई जिंदगियां बचाईं।
झुलसे हुए लोगों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। एक बच्चे समेत पांच लोगों का इलाज जारी है।
मौके पर पहुंचे एएसपी हिमांशु जांगिड़ और अन्य पुलिस अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया। पूरे इलाके में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।



