लखनऊ: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) के मीडिया सेल की आपत्तिजनक टिप्पणी अब सपा को भारी पड़ सकती है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष और मीडिया सेल के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेजा है।
भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक और उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल ने बताया कि तीनों नेताओं को कानूनी नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि वे 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से ब्रजेश पाठक पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के लिए माफी मांगें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो सिविल और क्रिमिनल कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में सपा के मीडिया सेल ने ब्रजेश पाठक के डीएनए को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है।