अक्षय तृतीया पर 30 अप्रैल को खुलेंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के चारधाम में से एक यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर 30 अप्रैल को खोले जाएंगे। गुरुवार को मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव में पंडा-पुरोहित समाज ने कपाट खुलने का समय और शुभ मुहूर्त निर्धारित किया। शुभ रोहिणी नक्षत्र और सिद्ध योग में 30 अप्रैल को सुबह 11:55 बजे कपाट खोले जाएंगे।

चैत्र शुक्ल षष्ठी, मां यमुना जयंती के अवसर पर, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील प्रसाद उनियाल, पंच पंडा पुरोहित महासभा और मंदिर समिति के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में कपाट खुलने की आधिकारिक घोषणा की गई।

चारधाम यात्रा के पहले पड़ाव के रूप में, यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इससे पहले, मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली से सुबह 8:28 बजे अपने भाई शनिदेव की डोली और श्रद्धालुओं के साथ यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी।

अगले छह महीनों तक श्रद्धालु यमुनोत्री धाम में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर गौरव उनियाल, प्रदीप उनियाल, अभिषेक उनियाल, भागेश्वर उनियाल, हेमंत उनियाल, विपिन उनियाल, लखन उनियाल, अमित उनियाल, संजीव उनियाल, गिरीश उनियाल, मनमोहन उनियाल, मोहन उनियाल, यशपाल राणा, महावीर पंवार माही, नागेंद्र रावत, पपिन तोमर सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक 2025 राज्यसभा में पेश

गुजरात पटाखा फैक्टरी विस्फोट: 18 मृतकों का नर्मदा तट पर अंतिम संस्कार